*कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई धान उपार्जन तैयारियों के संबंध में बैठक*
*परिवहन व्यवस्था पर विशेष फोकस के दिए निर्देश*
-------------
कलेक्टर हर्ष सिंह ने मंगलवार को आगामी दिवस में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन की पूर्व तैयारियों और आवश्यक प्रबंध के दृष्टिगत जिला उपार्जन समिति की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने वर्तमान किसान पंजीयन की जानकारी लेकर गत वर्ष के उपार्जन व भंडारण मात्रा के बारे में पूछा और सत्यापन कार्य सहित समन्वय के साथ निर्बाध रूप से सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। बताया गया कि आगामी 10 दिसम्बर से उपार्जन कार्य प्रस्तावित है। इसके पहले उपार्जन केन्द्रों पर बुनियादी इंतजाम सहित वारदाना, तौल व अन्य सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाए। ओपन कैप व मिलिंग के संबंध में भी कार्ययोजना मुताबिक कार्यवाही की जाए। साथ ही परिवहन व्यवस्था पर विशेष फोकस कर नियमित मानिटरिंग हो।
जिला कलेक्टर द्वारा परिवहनकर्ता संजय मित्तल को समक्ष में बुलाकर परिवहन का प्लान पूछा गया। उन्होंने ट्रक नंबर की जानकारी साझा करने के निर्देश दिए। साथ ही आरटीओ के माध्यम से वाहन का सत्यापन करवाने व कंट्रोल रूम स्थापित करने के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में खरीफ उत्पादकता संबंधी जानकारी से अवगत कराया गया। इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर अनुराग गुर्जर सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे। इसके उपरांत जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के तत्वावधान में संपन्न हुई जिला स्तरीय तकनीकी समूह की बैठक में किसानों को फसल ऋण वितरण, रकवा अनुसार फसल उत्पादन, ऋण अदायगी, पशुपालन एवं मत्स्यपालन गतिविधियों के विस्तार, फसल बीमा, कोऑपरेटिव बैंक में खाता खुलवाने सहित अन्य विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
Panna, Panna | Nov 17, 2026