जनसुनवाई में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएं: एसपी
कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
कासगंज। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने 27/28 अक्टूबर की रात्रि पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनशिकायतों के निस्तारण एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी और थाना व शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में एसपी ने थानों और पुलिस कार्यालय में आने वाले पीड़ितों की शिकायतों पर प्रभावी जनसुनवाई करने तथा आईजीआरएस और शिकायती प्रार्थना-पत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महिला सुरक्षा के संबंध में मिशन शक्ति फेज-6 अभियान, एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता और महिला हेल्पडेस्क पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण की समीक्षा की गई। एसपी ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
सड़क सुरक्षा के तहत जनपद को जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट बनाने के प्रयासों की समीक्षा की गई। इस दौरान ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, अवैध कटों पर कार्रवाई तथा स्पीड लेजर गन और ब्रेथ एनालाइजर के उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अलावा साइबर अपराधों की शिकायतों, वित्तीय धोखाधड़ी में धनराशि वापस कराने के प्रयासों और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से खोए व चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी की प्रगति पर चर्चा हुई। यक्ष ऐप पर अपराधियों के सत्यापन, गांवों एवं मोहल्लों की फीडिंग और हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।
एसपी ने सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
#Kasganjpolice