कासगंज में धूमधाम से निकली श्रीराम राजगद्दी शोभायात्रा, 60 झांकियों ने मोहा मन
सहावर गेट स्थित श्रीराम मंदिर से शाम छह बजे हुआ शुभारंभ, 16 रोड शो, 10 काली अखाड़े और सात बैंड रहे आकर्षण का केंद्र; ड्रोन से हुई निगरानी, पुलिस ने संभाली सुरक्षा की कमान
कासगंज। श्रीरामलीला कमेटी कासगंज के तत्वावधान में भगवान श्रीराम के राजतिलक के उपलक्ष्य में भव्य राजगद्दी शोभायात्रा निकाली गई। सहावर गेट स्थित श्रीराम मंदिर से शाम छह बजे शुरू हुई शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों, रोड शो, काली अखाड़ों और बैंड की प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा और जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय मंत्री डीएस लोधी, कासगंज विधायक देवेंद्र राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी और भाजपा नेता सुनील वार्ष्णेय की उपस्थिति में हुआ। विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका अध्यक्ष मीना माहेश्वरी, पूर्व जिलाध्यक्ष केपी सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नंदन तथा भाजपा उपाध्यक्ष शिव कुमार भारद्वाज सहित नगर के गणमान्य नागरिक और धर्मप्रेमी शामिल रहे।
60 झांकियां और 16 रोड शो रहे खास आकर्षण
श्रीरामलीला कमेटी के कोषाध्यक्ष अमरीश वशिष्ठ ने बताया कि शोभायात्रा में लगभग 60 झांकियां, 16 रोड शो, 10 काली अखाड़े और सात बैंड शामिल रहे। श्रीरामलला की विशेष झांकी, महाकाल स्वरूप, हाथी पर महाकाल की प्रस्तुति तथा विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूपों से सजी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इस्कॉन और लक्ष्मी नारायण के विशेष रोड शो ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
दिल्ली से लेकर कासगंज तक के बैंड ने बिखेरा रंग
शोभायात्रा में चावला बैंड दिल्ली, सुदीत बैंड आगरा, अबरार बैंड बरेली, सूरज बैंड रुद्रपुर, रवि आकाश बैंड इटावा, कमल बैंड खुर्जा और गंगा बैंड कासगंज ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बनाया। इसके साथ ही घोड़ा बैंड और बॉम्बे नासिक ढोल की प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाई।
चाक-चौबंद रही पुलिस सुरक्षा, ड्रोन से की गई निगरानी
राजगद्दी शोभायात्रा के दौरान कासगंज पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ शोभायात्रा में मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। वहीं, शोभायात्रा की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई। पुलिस की सतर्कता के बीच शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी।
कमेटी पदाधिकारियों ने जताया आभार
श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष गोपाल मराठा और महामंत्री अरविंद वार्ष्णेय ने शोभायात्रा में शामिल अतिथियों, सहयोगियों और नगरवासियों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।