छठ पर सेवा की मिसाल: 500 व्रतियों के बीच बांटी गई पूजन सामग्री और साड़ियां, DM-SP ने भी किया वितरण
जमुई: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जमुई शहर के पुरानी बाजार स्थित श्री नरसिंह मंदिर परिसर में 500 छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री, साड़ी एवं उपहार का वितरण किया गया। इस सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
मंदिर के संस्थापक सह जमुई विधिज्ञ संघ के महासचिव अधिवक्ता अमित कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी रचना शर्मा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी ने भगवान श्री नरसिंह की पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अपने हाथों से छठव्रतियों के बीच पारंपरिक डलिया, सूप, साड़ी, फल, फूल, अगरबत्ती और शृंगार सामग्री सहित पूजा की आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया। सामग्री पाकर छठव्रतियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने आयोजकों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कमला प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह आयोजन छठ महापर्व की आस्था के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक सद्भाव की भावना का संदेश देने वाला रहा।
Jamui, Jamui | Nov 14, 2026