घर में छिपा था वारंटी, पुलिस ने दबिश देकर किया गिरफ्तार
नबीनगर प्रखंड के माली थाना क्षेत्र के बेनी से कानून से बचने की कोशिश कर रहे एक अजमानतीय वारंटी को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार वारंटी की पहचान सूरज कुमार (पिता- मनोज सिंह), निवासी ग्राम बेनी के रूप में हुई है।
थाना पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बेनी गांव में छापेमारी की और उसे उसके घर से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष दीपक कुमार राय ने बताया कि बीते रात्रि न्यायालय से जारी अजमानतीय वारंट के आलोक में कार्रवाई करते हुए सूरज कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि फरार वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी कीमत पर कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोगों में कानून के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।