गया में शराब माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 16 गिरफ्तार; 392 लीटर शराब जब्त
गया। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ गया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक सुषिल कुमार के निर्देश पर 27 नवंबर को चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में पुलिस ने 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 222 लीटर देशी महुआ शराब, 170 लीटर देशी शराब और 200 मिलीलीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के सेवन, निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन में शामिल तस्करों के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान डोभी, मैन थाना, चेरकी, चंदौती, बुनियादगंज, अलीपुर, सिंगपुर, बोधगया, नीमचक बथानी और अन्य थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई।
अभियान के दौरान मैन थाना क्षेत्र से तीन, अलीपुर से चार तथा बोधगया से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। वहीं चेरकी और बुनियादगंज थाना क्षेत्र से एक-एक महिला आरोपित समेत कई अन्य लोगों को पकड़ा गया। कुछ आरोपित पूर्व के शराब कांडों में फरार चल रहे थे।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।