युवा संगम में 467 युवाओं का रोजगार के लिए हुआ प्रारंभिक चयन
रोजगार मेले में 788 युवाओं ने लिया भाग,12 का अप्रेंटिसशिप हेतु चयन
नीमच, 20 अगस्त 2026। जिले के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, नीमच द्वारा आज टाउन हॉल, दशहरा मैदान में जिला स्तरीय युवा संगम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के लिए 1458 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया, जबकि रोजगार मेले में 788 युवा उपस्थित हुए। विभिन्न कंपनियों द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया में 467 युवाओं का रोजगार के लिए प्रारंभिक चयन, 12 युवाओं का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन किया गया तथा 5 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में विधायक नीमच श्री दिलीपसिंह परिहार, विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सकलेचा, विधायक मनासा श्री अनिरुद्ध मारू तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव उपस्थित रहे।
➡️युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसरों की दी जानकारी- युवा संगम का उद्देश्य जिले के युवाओं को उनकी रुचि, योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 में उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा जिले में औद्योगिक विकास की संभावनाओं की जानकारी युवाओं को दी गई।
विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता, काम छोटे से ही बड़ा होता है। उन्होंने युवाओं से उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा ने जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार को महत्वपूर्ण बताया। विधायक श्री अनिरुद्ध मारू ने भी युवाओं को रोजगार एवं औद्योगिक कौशल के अनुरूप प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
➡️उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण पर जोर- कार्यक्रम में युवाओं के कौशल विकास को रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक महाविद्यालयों में कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है। उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण एवं पाठ्यक्रम तैयार होने से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
➡️स्वरोजगार योजनाओं से युवाओं को मिल रहा संबल- युवा संगम में रोजगार के साथ स्वरोजगार के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना एवं पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इससे युवाओं एवं हितग्राहियों को स्वयं का रोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।
➡️10 कंपनियों ने युवाओं को उपलब्ध कराए रोजगार के अवसर- रोजगार मेले में 10 कंपनियों ने सहभागिता की। इनमें एमआरएफ टायर, अल्ट्राटेक सीमेंट, अजंली विलामार, एमएसएस सोलरपावर, मालवा पॉलीटेक्निक्स, एचडीबी फाइनेंस, एलएंडटी, सोना साईलेंस, राजराजा इंडिया एवं इलेक्टिक शामिल रहीं। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा युवाओं की चयन प्रक्रिया संपन्न की गई।
कार्यक्रम में जिला रोजगार कार्यालय द्वारा रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप से संबंधित योजनाओं एवं अवसरों की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित युवाओं को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित रोजगार, स्वरोजगार एवं बीमा योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
युवा संगम ने जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने, कौशल को अवसर में बदलने और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराया। कार्यक्रम में युवाओं की सहभागिता और रोजगार मेले में हुए चयन से जिले में युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को गति मिली।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Skill Development, Madhya Pradesh
#Neemuch
#नीमच
4 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Aug 20, 2026