सवारियों से भरी बस दीवार तोड़कर घर में घुसी:अंदर सो रही बुजुर्ग महिला घायल, मोड़ पर बेकाबू हुई थी
.
.
.
पाली जिले के नाडोल क्षेत्र के खारड़ा गांव में शुक्रवार रात करीब 1 बजे सवारियों से भरी निजी बस बेकाबू होकर एक घर में घुस गई। हादसे में मकान की दीवार टूट गई। छत को भी नुकसान हुआ है। घर में सो रही 65 साल की बुजुर्ग महिला घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। राहत की बात रही कि बस में सवार किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। खारड़ा गांव निवासी हिम्मताराम ने बताया कि शुक्रवार रात उनकी मां अमकी देवी घर में सो रही थीं। वहीं, किरायेदार रावताराम अपने तीन साथियों के साथ कमरे में सो रहा था। रात करीब एक बजे उदयपुर से जोधपुर जा रही निजी बस मोड़ पर बेकाबू होकर उनके घर की दीवार से टकरा गई और अंदर घुस गई। हादसे में दीवार टूट गई और छत को भी नुकसान पहुंचा। घर के पोल में सो रही अमकी देवी (65) घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए नाडोल अस्पताल ले जाया गया। अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के समय बस में काफी सवारियां थीं। अचानक हुए हादसे से यात्री घबरा गए। हालांकि, किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। बाद में सभी सवारियों को दूसरे वाहनों से रवाना किया गया। घटना को लेकर हिम्मताराम ने रानी थाने में रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि हादसे के समय वह देवली पाबूजी गांव में थे। वहां उनकी पंचर की दुकान है और रात को वह वहीं रुके हुए थे।
#PaliNews
#AccidentNews
#jaivardhannews