एंबुलेंस की देरी बनी परेशानी, निजी कार में ही हुआ प्रसूता का प्रसव
परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस सेवा पर उठाए सवाल, जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग
जालौन। तहसील जालौन के विकासखंड कुठौंद की ग्राम पंचायत निजामपुर निवासी माया देवी पत्नी सर्वेश कुमार के प्रसव के दौरान सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए। परिजन चंद्रप्रभा के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर माया देवी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों ने प्रसूता को ले जाने के लिए सरकारी एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन उनके मुताबिक एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी। प्रसव पीड़ा बढ़ने और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजन निजी कार संख्या UP92AU8020 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान रास्ते में ही निजी कार के अंदर माया देवी का प्रसव हो गया।
परिजन चंद्रप्रभा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए एंबुलेंस सेवा में देरी को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं होगी तो गर्भवती महिलाओं को सरकारी सुविधा का लाभ कैसे मिलेगा?
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आखिर सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस पहुंचने में देरी क्यों हुई? क्या संबंधित क्षेत्र में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी या फिर सूचना मिलने के बावजूद समय पर व्यवस्था नहीं हो सकी? यह जांच का विषय है।
अब जरूरत है कि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर एंबुलेंस की लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड और रिस्पांस टाइम की जांच कराएं, ताकि देरी के वास्तविक कारणों का पता चल सके और भविष्य में किसी गर्भवती महिला को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।