लोक राग समारोह के दूसरे दिन बधाई, सोंगी-मुखौटा एवं राठ नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा
-
भक्तिमती शबरी लीला-नाट्य का हुआ भावपूर्ण मंचन, लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं की दिखी अनूठी छटा
-
जतारा के सांदीपनि विद्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय पारंपरिक कला समारोह ‘लोक राग’ के दूसरे दिन 22 नवम्बर को लोक संस्कृति, परंपरा और भक्ति से ओतप्रोत विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से आए लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला और मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को लोक संस्कृति के विविध रंगों से परिचित कराया।
समारोह में टीकमगढ़ के संजय सिंह ठाकुर एवं उनके साथी कलाकारों द्वारा बधाई नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। बुंदेलखंड की लोक परंपरा से जुड़े इस नृत्य ने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक उल्लास को मंच पर जीवंत किया। वहीं नासिक के छबीलदास गवली एवं उनके साथी कलाकारों ने सोंगी-मुखौटा नृत्य की प्रस्तुति देकर लोकनाट्य और पारंपरिक अभिनय कला की विविधता को प्रदर्शित किया।
इसके साथ ही बड़ौदा से आए विजयभाई राठवा एवं उनके साथी कलाकारों ने राठ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। पारंपरिक वेशभूषा, लोक संगीत और लयबद्ध नृत्य के माध्यम से कलाकारों ने दर्शकों को लोक कला की समृद्ध परंपरा से रूबरू कराया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण भक्तिमती शबरी लीला-नाट्य का मंचन रहा। ग्वालियर की गीतांजलि गिरवाल द्वारा पुनर्संयोजित इस लीला-नाट्य के माध्यम से भक्ति, समर्पण और श्रद्धा के भावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की भावपूर्ण अभिनय प्रस्तुति ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
लोक राग समारोह के माध्यम से पारंपरिक लोक कलाओं, लोक नृत्यों और लोक नाट्य विधाओं को मंच प्रदान कर कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित किया जा रहा है। समारोह का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से परिचित कराना है।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
Tikamgarh, Madhya Pradesh | Nov 22, 2026