नाली के पानी को लेकर विवाद में बुजुर्ग महिला की हत्या, चार घायल; पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 4 को किया गिरफ्तार
मोकामा/पंचमहला: पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर पंचायत अंतर्गत बाहापर गाँव में शनिवार की रात नाले के पानी और रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प हो गई। इस हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला शांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका शांति देवी बाहापर गाँव निवासी स्वर्गीय रामस्वरूप शर्मा की पत्नी थीं। घायलों में शांति देवी के दो पुत्र—विपुल कुमार और महेश शर्मा, तथा दो बहुएं—फुलो देवी और भारती देवी शामिल हैं। घायलों में से एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला
परिजनों के अनुसार, नाले में पानी बहाने और रास्ते के अधिकार को लेकर शांति देवी और सोनू कुमार के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शांति देवी के पुत्र ने बताया कि सुरक्षा को लेकर पहले भी पंचमहला थाने में लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार की रात करीब 8 बजे सोनू कुमार अपने 6-7 साथियों के साथ लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी से लैस होकर शांति देवी के घर में घुस आया और पूरे परिवार पर हमला कर दिया।
सड़क जाम और पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़हिया पहुँचाया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात बाधित हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पंचमहला और मराँची थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू, उसके पिता, माता और एक रिश्तेदार समेत कुल 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी जांच कर रही है।
#Mokama #मोकामा #AnantSingh
Mokameh, Patna | Sep 26, 2026