मोकामा में तेज बारिश और हवा से ढहा पुराना मकान, मलवे से मंदिर का रास्ता बंद, लाखों का नुकसान
मोकामा: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कहर से शुक्रवार की रात मोकामा के भगवती स्थान के समीप स्थित एक पुराना मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। घटना देर रात लगभग 12:00 से 1:00 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब अचानक जोरदार आवाज के साथ पूरा मकान जमींदोज हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त मकान में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और जान-माल का भारी नुकसान होने से बच गया।
घटनास्थल के समीप वार्ड नंबर 15 निवासी टूटू सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि देर रात तेज हवा और बारिश के बीच अचानक यह हादसा हुआ। आसपास के लोगों ने बताया कि रात 12 से 1 बजे के बीच मकान अचानक अपने आप ढह गया। पीड़ित टूटू सिंह के अनुसार, वे इस मकान का उपयोग अनाज रखने, नए मकान के निर्माण से जुड़े सामान और अन्य बहुमूल्य घरेलू सामग्रियों के भंडारण के लिए कर रहे थे। मकान के अचानक गिर जाने से उसमें रखा सारा अनाज और निर्माण सामग्री मलवे के नीचे दबकर नष्ट हो गई है। इस हादसे में मकान मालिक को लगभग 4 से 5 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
मकान ढहने के कारण मकान का सारा मलबा सीधे सड़क पर आ गिरा है, जिससे प्रसिद्ध भगवती स्थान मंदिर जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। रास्ते पर मलबा फैला होने के कारण मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने नगर परिषद प्रशासन से गुहार लगाई है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द जेसीबी और सफाईकर्मियों को भेजकर मार्ग से मलबा हटाया जाए। रास्ता साफ होने से मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को हो रही असुविधा दूर हो सकेगी और यातायात पुनः सामान्य हो सकेगा।
#Mokama #Patna #Bihar #cyclonearnav #AnantSingh
Mokameh, Patna | Sep 26, 2026