बैरसिया में जिला पंचायत सीईओ ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा, अधूरे आवास शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
अपूर्ण आवासों को लेकर पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को लगाई फटकार, कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
वीबी-जी राम जी के तहत पात्र हितग्राहियों को मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में पांच-पांच रूफ वाटर हार्वेस्टिंग कार्य शुरू कराने के निर्देश
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भोपाल श्रीमती इला तिवारी ने बुधवार को जनपद पंचायत बैरसिया के सभा कक्ष में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में वीबी-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरे करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को दिए।
**अपूर्ण आवासों को लेकर जताई नाराजगी, नोटिस जारी करने के निर्देश**
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा के दौरान सीईओ श्रीमती तिवारी ने वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के स्वीकृत आवासों सहित सभी अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही आवास योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में किस्तों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। अपूर्ण आवासों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों (जीआरएस) को फटकार लगाई तथा लापरवाही बरतने वाले संबंधितों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
**वीबी-जी राम जी के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश**
वीबी-जी राम जी योजना की समीक्षा करते हुए सीईओ ने प्रत्येक पात्र हितग्राही को मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने तथा नवीन कार्यों की तकनीकी स्वीकृति शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। इसके लिए संबंधित उपयंत्री एवं सहायक यंत्री को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में पांच-पांच रूफ वाटर हार्वेस्टिंग के कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नवीन कार्यों को प्रारंभ करने के लिए तीन दिवस की समय-सीमा निर्धारित की गई।
**लंबित देयकों का भुगतान और निर्माण कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करें**
निर्माण कार्यों से संबंधित सामग्री भुगतान के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज लंबित देयकों को कार्यालय में प्रस्तुत करने तथा नियमानुसार उनका भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संबंधित निर्माण कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र (सीसी) जारी करने के लिए भी कहा गया।
**ई-केवाईसी एवं श्रमिक नियोजन में तेजी लाने पर जोर**
बैठक में ई-केवाईसी और श्रमिक नियोजन की धीमी प्रगति पर सीईओ ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा श्रमिकों का नियोजन बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित हो सके।
**स्वच्छता कार्यों और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर निर्देश**
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालयों की जियो टैगिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम पंचायतों में नियमित कचरा संग्रहण एवं कचरा वाहनों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान 50 एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश मैदानी अमले को दिए गए।
समीक्षा बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शंकर पांसे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बैरसिया श्री देवेश कुमार सराठे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल जीवन मिशन के अधिकारी, संबंधित शाखा प्रभारी, एडीईओ, पीसीओ, सहायक यंत्री, उपयंत्री, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#bhopal