बैरसिया में जिला पंचायत सीईओ ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा, अधूरे आवास जल्द पूर्ण करने के दिए निर्देश
ग्राम पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश, मनरेगा कार्यों और श्रमिक नियोजन में तेजी लाने पर दिया जोर
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत भोपाल द्वारा जनपद पंचायत बैरसिया के सभा कक्ष में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वीबी-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम), निर्माण कार्यों सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत लंबित एवं अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही हितग्राहियों को निर्धारित समय पर किस्तों का भुगतान करने और वीबी-जी राम जी के अंतर्गत आवास निर्माण में कार्यरत प्रत्येक पात्र हितग्राही को मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपूर्ण आवासों की स्थिति पर ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें फटकार लगाई गई तथा संबंधितों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत नवीन कार्यों की तकनीकी स्वीकृति शीघ्र जारी करने के लिए संबंधित उपयंत्रियों एवं सहायक यंत्रियों को निर्देशित किया गया। प्रत्येक ग्राम पंचायत में पांच-पांच रूफ वाटर हार्वेस्टिंग कार्य प्रारंभ कराने तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नवीन कार्यों को तीन दिवस के भीतर प्रारंभ करने की समय-सीमा निर्धारित की गई। सामग्री भुगतान के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज लंबित देयकों को कार्यालय में प्रस्तुत कर भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण करने तथा भुगतान उपरांत संबंधित कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र (सीसी) जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में ई-केवाईसी एवं श्रमिक नियोजन की धीमी प्रगति पर सीईओ ने गहरी नाराजगी जताई और ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक श्रमिकों का नियोजन सुनिश्चित करने को कहा।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालयों की जियो टैगिंग शीघ्र पूर्ण करने तथा ग्राम पंचायतों में कचरा संग्रहण व्यवस्था एवं कचरा वाहनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान 50 एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण एवं शिकायतकर्ताओं की सहमति से बंद कराने के लिए फील्ड अमले को निर्देशित किया गया।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शंकर पांसे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवेश कुमार सराठे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल जीवन मिशन के अधिकारी, संबंधित शाखा प्रभारी, एडीईओ, पीसीओ, सहायक यंत्री, उपयंत्री, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Zila Panchayat Bhopal
#Bhopal2026 #bhopal