साइबर जागरूकता ही डिजिटल सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम -डॉ. संजय गोयल
जागरूक नागरिक ही कर सकते हैं सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण- विष्णु सिंह
वैश्य महाविद्यालय, भिवानी की एनसीसी इकाई द्वारा एनसीसी दिवस सप्ताह के अंतर्गत आज एनसीसी कैडेट्स ने सीखे साइबर अपराध से बचाव के तरीके।
भिवानी 25 नवंबर 2026
वैश्य महाविद्यालय भिवानी की एनसीसी इकाई द्वारा एनसीसी दिवस सप्ताह के अंतर्गत आज महाविद्यालय परिसर में साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्यवक्ता के रूप में भिवानी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से साइबर अपराध विशेषज्ञ विष्णु सिंह ने शिरकत कीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि आज का युग डिजिटल क्रांति का युग है। इंटरनेट, सोशल मीडिया और ऑनलाइन बैंकिंग ने हमारे जीवन को सुविधाजनक बनाया है, लेकिन इनके साथ साइबर अपराधों का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। उन्होंने विद्यार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि वे सजग रहते हुए अपने लक्ष्य की और आगे बढ़े। मुख्य वक्ता भिवानी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से साइबर अपराध विशेषज्ञ विष्णु सिंह ने अपने संबोधन में वर्तमान समय में बढ़ रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के बारे में कैडेट्स को बताया कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों को फोन कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया के माध्यम से ठगी का शिकार बनाते हैं। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध लिंक पर अपनी बैंकिंग या वित्तीय जानकारी साझा न करें और किसी के साथ भी अपना ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड या बैंक डिटेल साझा न करें।इसके अतिरिक्त लोगों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण एवं ओटीपी किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सावधानी के साथ करें। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण कर सकते हैं।
महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. अनिल तंवर ने अपने संबोधन में कहा कि साइबर अपराध के विभिन्न रूपों जैसे ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, फिशिंग, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, पहचान की चोरी एवं ऑनलाइन वित्तीय ठगी के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कैडेट्स को बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति पर ऑनलाइन विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स को डिजिटल सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड, सोशल मीडिया की गोपनीयता सेटिंग्स तथा ऑनलाइन लेन-देन में सावधानियां बरतने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाने और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।
अंत में एनसीसी कैडेट्स ने साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहने और समाज में भी डिजिटल सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर एन सी सी अधिकारी डॉ.मनीष कुमार, कैप्टन ओम प्रकाश, हवलदार संजीव सिंह, हवलदार सोनू कुमार,दान सिंह एवं काफी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहें।
Bhiwani, Bhiwani | Nov 25, 2026