श्रीमती देवी बाई आश्रम में सेवा और समर्पण की मिसाल : हांसी विधायक ने किया फिजियोथेरेपी सेंटर का शुभारंभ
जरूरतमंदों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी : विधायक विनोद भयाना
भिवानी, 25 नवंबर : रामगंज मोहल्ला स्थित श्रीमती देवी बाई आश्रम (गुरुद्वारा) में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सेवा, श्रद्धा और मानवता का संदेश देते हुए विशेष समारोह का आयोजन किया गया। आश्रम के संयोजक एवं समाजसेवी आशु कामरा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में हांसी के विधायक विनोद भयाना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जरूरतमंदों, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आश्रम परिसर में नवनिर्मित फिजियोथेरेपी सेंटर का विधिवत लोकार्पण किया गया।
फिजियोथेरेपी सेंटर की स्थापना में कृष्ण लूथरा ने अपने स्वर्गीय पुत्र प्रिंस लूथरा की स्मृति में विशेष योगदान दिया, जबकि कृष्ण कुमार ने भी इस कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग किया। इस पहल के माध्यम से दिवंगत परिजन की स्मृति को समाजसेवा से जोड़ते हुए जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधा समर्पित की गई। समारोह का शुभारंभ गुरु ग्रंथ साहिब की पावन हजूरी में गुरबाणी पाठ के साथ हुआ। सिमरन कौर ने वाहेगुरु नाम का सिमरन करवाया, वहीं हरविंदर कौर के मधुर गायन और दिव्यांग कलाकार मनोज के शानदार तबला वादन ने संगत को भावविभोर कर दिया। इस दौरान सीनियर एडवोकेट अविनाश सरदाना ने नेत्रहीन दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही प्रतिभाशाली दिव्यांग तबला वादक मनोज का भी विशेष अभिनंदन किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक विनोद भयाना ने कहा कि जरूरतमंदों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आश्रम में फिजियोथेरेपी सेंटर की शुरुआत इसी दिशा में सराहनीय कदम है। उन्होंने युवाओं और अभिभावकों से सडक़ सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि कम उम्र में तेज रफ्तार से बाइक चलाना दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
कार्यक्रम के समापन पर अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साह और श्रद्धाभाव से सेवा निभाई। आश्रम के प्रधान जतिन हरि इलेक्ट्रॉनिक्स और संयोजक आशु कामरा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कृष्ण लूथरा, कृष्ण कुमार, पूर्व क्रिकेट खेल अधिकारी दर्शन मिड्डा, महेश बवेजा, गुलशन बवेजा, हर्षित अरोड़ा, नगर पार्षद हर्षदीप डुडेजा, पार्षद परवीन चावला, विधायक विनोद भयाना के साथ हांसी से पहुंचे मुखीजा सोनिया चावला सहित अनेक गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।