पलवल पुलिस द्वारा जिले की बॉर्डर सीमाओं एवं प्रमुख मार्गों पर आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने व सुरक्षित यातायात के लिए की गई विशेष नाकाबंदी।
Aonenews अरविन्द बक्शी
4 घंटे चले विशेष सघन चेकिंग अभियान में 530 वाहनों की जांच की गई,ड्रिंक एंड ड्राइव तथा बिना नंबर प्लेट के विशेष तौर पर किए गए 57 चालान,बिना नंबर प्लेट के 38 वाहन इम्पाउंड।
जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले आपराधिक तत्वों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।
पलवल। पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पलवल पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और आमजन के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले की सीमाओं तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। दिनांक 14 सितंबर 2026 को रात 08:00 बजे से 12:00 बजे तक चले इस 4 घंटे के सघन चेकिंग अभियान में विभिन्न थाना एवं पुलिस चौकी टीमों द्वारा कुल 530 संदिग्ध वाहनों की बारीकी से जांच की गई।
सघन जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 57 चालान किए गए। इनमें बिना नंबर प्लेट व इम्पाउंड किए गए वाहनों के 38 मामले तथा ड्रिंक एंड ड्राइव के 12 मामले शामिल रहे।
पलवल पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले आपराधिक तत्वों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिले की सीमाओं पर इस प्रकार के सरप्राइज एवं सख्त चेकिंग अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और अपने वाहनों पर नियमानुसार नंबर प्लेट अवश्य लगवाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर पर दें ताकि जिला पूरी तरह सुरक्षित और अपराधमुक्त रह सके।