प्रधान जिला न्यायाधीश ने जिला जेल का मासिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर को प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने जिला जेल सीहोर का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में निरुद्ध बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें विधिक अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश श्री अग्रवाल ने बंदियों से उनके प्रकरणों की स्थिति, अधिवक्ता की नियुक्ति, अपील एवं जमानत आवेदन तथा जमानत स्वीकृत होने के बाद भी जेल में निरुद्ध बंदियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए पात्र बंदियों को आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रधान जिला न्यायाधीश ने जेल की पाकशाला, लीगल एड क्लीनिक, मुलाकाती लीगल एड हेल्प डेस्क, जेल डिस्पेंसरी, महिला सेल एवं बंदियों के बैरकों का निरीक्षण किया। साथ ही पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, पोषण, स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता एवं दवाओं की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने महिला बंदियों सहित सभी बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अनुराग सिंह कुशवाह, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक अहमद सिद्दीकी, जेल अधीक्षक सुश्री प्रतिभा पटेल, जेलर श्री दिलीप नायक सहित जेल स्टाफ उपस्थित रहा।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
9 views | Sehore, Madhya Pradesh | Nov 1, 2026