ज़िलाधिकारी, मुज़फ़्फ़रपुर श्री कुमार गौरव द्वारा नेपाल में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में अतिवृष्टि के कारण गंडक नदी में अत्यधिक जलस्राव के मद्देनजर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, मुज़फ़्फ़रपुर, अनुमंडल पदाधिकारी; अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी; कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन विभाग, अंचल अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों के साथ रेवा घाट, रतनपुर डीही सहित गंडक नदी के तटबंध के अन्य संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया। सायंकाल उन्होंने नगर आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों के साथ साहेबगंज एवं पारू में भी विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। ज़िलाधिकारी द्वारा स्थानीय लोगों से भी फीडबैक लिया गया। सरैया, पारू एवं साहेबगंज के अंचल अधिकारियों (सीओ) सहित सभी संबंधित अधिकारियों को एसओपी के अनुसार हरेक प्रबंध सुनिश्चित रखने के साथ अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि नेपाल के तराई क्षेत्र में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही भारी वर्षा के मद्देनज़र विशेष सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी स्थिति से निपटने हेतु जिला प्रशासन पूर्णतः तैयार है। लोग पैनिक न हों लेकिन सजग एवं सतर्क रहें। संपूर्ण आपदा प्रबंधन तंत्र आपकी सहायता हेतु तत्पर है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार सभी व्यवस्था की गई है। एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की टीम अलर्ट है। तटबंधों की निगरानी की जा रही है। क्षेत्रीय अधिकारियों को आम जनता से नियमित संवाद स्थापित करने एवं फीडबैक लेने तथा स्थिति के अनुसार तुरंत रिस्पॉन्ड करने का निदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को निदेश दिया गया है कि नदियों के जल-स्तर, मौसम विभाग द्वारा दी जा रही सूचनाओं तथा वर्षापात के आंकड़ों पर लगातार नजर रखें। एसओपी के अनुसार क्षेत्रीय पदाधिकारी यथा अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तुरंत रिस्पॉन्ड करेंगे। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, सक्रिय एवं तत्पर रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर मिशन मोड में काम करने का निदेश दिया गया है।उन्होंने कहा कि बाढ़ आने की स्थिति में प्रभावितों के जान-माल की सुरक्षा एवं ससमय राहत पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जल संसाधन विभाग, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पी.एच.ई.डी., पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग सहित संबंधित सभी विभागों के पदाधिकारी आपस में सुदृढ़ समन्वय तथा सार्थक संवाद स्थापित रखें एवं परिस्थिति के अनुसार त्वरित गति से कार्य करें।
================
*जिलाधिकारी ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के अफ़वाह पर ध्यान न दें। अपुष्ट, अप्रामाणिक एवं भ्रामक सूचनाओं को प्रसारित न करें। प्रशासन द्वारा दी जा रही सूचनाओं पर ही ध्यान दें तथा बाढ़ की स्थिति में बचाव हेतु सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी का अनुपालन करें।*
================
*किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए संपर्क करें*:
(1) जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र, मुजफ्फरपुर : 0621-2212007
(2) राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र, आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार सरकार, पटना: हेल्पलाइन नंबर: 0612-2294204/205, आपातकालीन सहायता नंबर: 1070
================