नेपाल में भारी बारिश से गंडक उफान पर! मुजफ्फरपुर में DM कुमार गौरव का तटबंधों का निरीक्षण, अधिकारी अलर्ट मोड पर
मुजफ्फरपुर में गंडक नदी में बढ़ते जलस्राव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नेपाल के तराई क्षेत्र में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी कुमार गौरव ने अधिकारियों के साथ संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया।
डीएम ने रेवा घाट, रतनपुर डीही सहित गंडक नदी के तटबंधों के कई संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया। इसके बाद साहेबगंज और पारू के विभिन्न इलाकों में भी अधिकारियों के साथ स्थिति का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से सीधे फीडबैक लिया।
जिलाधिकारी ने सरैया, पारू और साहेबगंज के अंचल अधिकारियों समेत सभी संबंधित अधिकारियों को एसओपी के अनुसार आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने और लगातार अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें अलर्ट हैं और तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को नदी के जलस्तर, मौसम और वर्षापात के आंकड़ों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
डीएम ने लोगों से अपील की कि घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें। अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
#TirhutNow #Muzaffarpur #GandakRiver #FloodAlert #KumarGaurav
Musahri, Muzaffarpur | Sep 29, 2026