बघार में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला शव
साथियों के साथ नहाने गया था 13 वर्षीय शेखर, गहरे पानी में डूबा; सीएचसी में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
नवाबगंज। थाना क्षेत्र के नगला दमू गांव में शुक्रवार सुबह बघार में नहाने गए 13 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। किशोर को डूबता देख साथ गए बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर काफी मशक्कत के बाद किशोर को बाहर निकाला। परिजन उसे ई-रिक्शा से सीएचसी नवाबगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगला दमू गांव निवासी रजनीश गुजरात में नौकरी करते हैं। उनका परिवार गांव में मकान बनाकर रहता है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उनका 13 वर्षीय पुत्र शेखर गांव के अन्य बच्चों के साथ नवाबगंज-कायमगंज मार्ग पर गांव से आगे स्थित बघार में नहाने गया था। नहाते समय शेखर अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर साथ मौजूद बच्चों ने चीख-पुकार मचा दी।
शोर सुनकर राज, अनुराग और कमल घर पहुंचे और शेखर के ताऊ राजू को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही राजू समेत अन्य ग्रामीण बघार की ओर दौड़ पड़े। इसी दौरान कुतुबुद्दीनपुर निवासी दलवीर सिंह, सर्वेश सिंह समेत चार-पांच ग्रामीण पानी में उतर गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद शेखर को पानी से बाहर निकाला।
परिजन आनन-फानन उसे ई-रिक्शा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर रितेश कुमार ने जांच के बाद शेखर को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
परिजनों के अनुसार शेखर तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके बड़े भाई सागर की उम्र 15 वर्ष और छोटे भाई श्रेयांश की उम्र पांच वर्ष है। घटना के बाद मां सोनी, ताऊ राजू समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर में चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि शेखर नवाबगंज नगर के एक स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। शुक्रवार सुबह वह स्कूल गया था और करीब 11 बजे घर लौटा था। इसके बाद दोस्तों के साथ बघार में नहाने चला गया, जहां अचानक हुए हादसे में उसकी जान चली गई।
सूचना के बाद पुलिस ने मामले की कार्रवाई शुरू कर दी। दरोगा जगराम ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
#नवाबगंज #फर्रुखाबाद #नगला_दमू #बघार #डूबने_से_मौत #किशोर_की_मौत #हादसा #पुलिस #पोस्टमार्टम #स्थानीय_समाचार