लोक शिकायत के चार अपीलीय मामलों का डीएम ने किया निष्पादन, बिजली और जमीन विवाद से जुड़े थे मामले
जहानाबाद : बिहार लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत गुरुवार को जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में चार अपीलीय मामलों की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान संबंधित पक्षों के अभिलेखों और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा के बाद सभी चार मामलों का निष्पादन कर दिया गया।
सुनवाई में दो मामले विद्युत विभाग से जुड़े थे। इनमें विद्युत कनेक्शन रद्द करने तथा विभागीय कर्मी द्वारा गलत तरीके से मकान किराया (हाउस रेंट) लेने की शिकायत शामिल थी। वहीं, एक मामला घोसी अंचल में जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने से संबंधित था। जबकि काको अंचल के भदसारा गांव में सार्वजनिक रास्ते को छोड़कर निजी जमीन पर ईंट सोलिंग एवं पीसीसी निर्माण कराने का मामला भी सामने आया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित लोक प्राधिकारों की ओर से की गई कार्रवाई के आधार पर मामलों का निष्पादन किया। साथ ही आवश्यक मामलों में संयुक्त जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए पारदर्शी तरीके से समय पर निष्पादित करें।
Jehanabad, Jehanabad | Nov 5, 2026