जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में पंचायत राज एवं स्वच्छता से संबंधित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने 'सेवा संकल्प, कायाकल्प अभियान' के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही, किराए के भवनों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों को सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करने तथा जर्जर सरकारी भवनों का जीर्णोद्धार कर उनमें आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्रामीणों को सरकारी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रत्येक प्रखंड में न्यूनतम दो पंचायत सरकार भवनों को चिह्नित कर 'आदर्श पंचायत सरकार भवन' के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया गया। इन भवनों में विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, प्रत्येक प्रखंड में कम से कम दो क्लस्टर विकसित कर उन्हें आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित करने की पहल पर चर्चा की गई। इसके तहत कृषि विभाग, जीविका, उद्योग विभाग, पंचायती राज विभाग एवं संबंधित अन्य विभागों की योजनाओं के कन्वर्जेंस (समन्वय) से समेकित विकास मॉडल तैयार करने पर जोर दिया गया, ताकि ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तिकरण, कृषि एवं स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके।
पंचायतों में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों के मानदेय भुगतान की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अक्टूबर माह तक प्राप्त मानदेय राशि का भुगतान नियमानुसार उपस्थिति एवं कार्य के आधार पर ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पंचायत निधि के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग एवं षष्ठम राज्य वित्त आयोग की राशि के व्यय की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने 26 दिसंबर तक सभी योजनाओं में अधिकतम व्यय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके लिए प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को स्पष्ट रणनीति बनाकर कार्य करने को कहा गया।
वहीं, पीएम रोजगार योजना के तहत अधिक से अधिक आवेदन एवं प्रविष्टियां सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित डीलरों के माध्यम से आम लोगों को जागरूक एवं प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के प्रारंभ में विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से अपने-अपने प्रखंडों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इस क्रम में अमरपुर एवं कटोरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने अपने प्रखंडों से संबंधित रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। जिला पदाधिकारी ने आगामी बैठक में और अधिक परिष्कृत एवं तथ्यपरक PPT के माध्यम से विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Banka, Bihar | Nov 21, 2026