दीपावली मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करें : आयुक्त
15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना; आयुक्त एवं डीआईजी ने रामघाट, परिक्रमा मार्ग, रैन बसेरों एवं पार्किंग स्थलों का किया निरीक्षण
चित्रकूट, 04 नवम्बर, 2026।
आगामी दीपावली पर्व के अवसर पर जनपद चित्रकूट में आयोजित होने वाले दीपावली मेले में लगभग 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा श्री अजीत कुमार ने पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बाँदा के साथ आज रामघाट, परिक्रमा मार्ग, स्थायी एवं अस्थायी रैन बसेरों तथा पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंदाकिनी नदी के घाटों पर पत्थर लगाने, सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने एवं प्रकाश व्यवस्था के कार्य प्रगतिरत पाए गए। आयुक्त महोदय ने घाट पर पत्थर लगाने के कार्य में अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य की गति बढ़ाने तथा समस्त अवशेष कार्य दीपावली मेले से पूर्व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त महोदय ने निर्देशित किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। रामघाट एवं प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग करते हुए श्रद्धालुओं की कतारें जिग-जैग पद्धति से व्यवस्थित की जाएं। घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोर, जल पुलिस, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं महिलाओं के लिए सुरक्षित चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि खोया-पाया केन्द्र, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) एवं मेला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहें। मेला क्षेत्र में मोबाइल मेडिकल यूनिट, एम्बुलेंस, चिकित्सकीय टीम एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
यातायात व्यवस्था के संबंध में आयुक्त महोदय ने निर्देशित किया कि रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर एवं रेलवे प्रशासन से समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं को स्टेशन तक सुगमतापूर्वक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका प्रचार-प्रसार कराया जाए। पार्किंग स्थलों पर वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के साथ प्रत्येक प्रमुख पार्किंग स्थल पर एक क्रेन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
आयुक्त महोदय ने स्थायी एवं अस्थायी रैन बसेरों में श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र एवं परिक्रमा मार्ग में नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
अन्त में आयुक्त महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला प्रारम्भ होने से पूर्व समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं तथा अधिकारी स्वयं नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए उनकी सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए दीपावली मेले को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें।