मझौलिया थाना क्षेत्र के बखरिया थेवइया चौक स्थित राजघाट पेट्रोल पंप के समीप पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से करीब 3,000 लीटर संदिग्ध पेट्रोल बरामद किया। इस दौरान वाहन चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि टैंकरनुमा पिकअप वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध रूप से पेट्रोल के परिवहन और कारोबार को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। कार्रवाई की शुरुआत राजघाट पेट्रोल पंप के मालिक अरुण ठाकुर द्वारा दी गई सूचना के आधार पर हुई। सूचना मिलते ही आपूर्ति पदाधिकारी जयप्रकाश मौर्य और मझौलिया थाना के सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने संदिग्ध वाहन की गहन जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में पेट्रोल बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में बरामद ईंधन संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और चालक व खलासी को हिरासत में ले लिया। आपूर्ति पदाधिकारी जयप्रकाश मौर्य ने मौके पर ही पेट्रोल का नमूना सुरक्षित किया और उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। उन्होंने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद पेट्रोल की गुणवत्ता क्या है और वह मानकों के अनुरूप है या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मामले की सूचना आपूर्ति विभाग को दे दी गई है। दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है ताकि अवैध ईंधन कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सके।
#districtpolicewestchamparan #champaran24news #viralreelschallenge #BettiahNews #BreakingNews #samratchoudhary #viralvideochallenge #districtadministrationwestchamparan #CMBihar