मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत संयुक्त संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, इंदौर संभाग श्री जितेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को धार जिले का भ्रमण किया। उन्होंने कार्यालय उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग एवं परियोजना संचालक आत्मा समिति धार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों से विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्री सिंह ने शासकीय कृषि प्रक्षेत्र का भ्रमण कर सोयाबीन एवं तुअर सहित विभिन्न फसलों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने प्रक्षेत्र अधीक्षक से फसलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक तकनीकी सलाह प्रदान की।
इसके पश्चात उन्होंने विकासखंड तिरला के ग्राम दिलावरा के प्रगतिशील कृषक श्री तेजराम जाट के फार्म पर आत्मा परियोजना के माध्यम से राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन अंतर्गत स्थापित बायो रिसोर्स सेंटर का अवलोकन किया। उन्होंने यहां तैयार किए जा रहे प्राकृतिक कृषि उत्पादों, जैसे जीवामृत एवं घन जीवामृत के उपयोग की जानकारी ली तथा उपस्थित कृषकों से प्राकृतिक खेती के अनुभवों पर चर्चा की।
कृषकों द्वारा मुख्य फसल के साथ फसल विविधीकरण अपनाकर लहसुन, प्याज, आलू एवं अन्य सब्जीवर्गीय फसलों की खेती किए जाने तथा इससे प्राप्त हो रहे लाभ की जानकारी भी दी गई। संयुक्त संचालक श्री सिंह ने कृषकों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक कृषि पद्धतियों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, सलकनपुर का भी निरीक्षण किया। समिति प्रबंधक श्री मनीष ठाकुर से उर्वरक के अग्रिम उठाव की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान अधिक मात्रा में उर्वरक लेने वाले कृषक श्री लखन कामदार एवं श्री प्रकाश जाट से चर्चा कर उन्हें मृदा एवं फसल की आवश्यकता के अनुरूप संतुलित उर्वरक उपयोग करने की सलाह दी।
श्री सिंह ने समिति में उपस्थित अन्य कृषकों को वर्तमान वर्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आगामी रबी मौसम में कम सिंचाई की आवश्यकता वाली फसलों को अपनाने की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने चना, मसूर, सरसों, अलसी, कुसुम एवं चिया सीड जैसी फसलों की खेती के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए।
भ्रमण के दौरान कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केंद्र, इंदौर के प्राचार्य श्री एस.एस. चौहान, उप संचालक कृषि श्री विजय चौरसिया, परियोजना संचालक आत्मा श्री के.एस. झणिया, अनुविभागीय अधिकारी श्री बसंत खड़वाये, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री ए.के. सत्यार्थी सहित बीटीएम, एटीएम एवं एईओ उपस्थित रहे।
#मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान #JanVishwasAbhiyan2026 #हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
Jansampark Madhya Pradesh