मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन श्री अशोक बर्णवाल ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज धार जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जिला मुख्यालय पर संचालित कन्या आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने अध्ययनरत बालिकाओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, परिसर में संचालित गतिविधियों तथा भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली।
मुख्य सचिव श्री वर्णवाल ने कक्षा 12वीं कला संकाय की बालिकाओं से इतिहास विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके अध्ययन स्तर की जानकारी ली। उन्होंने गणित विषय की बालिकाओं से भी चर्चा की तथा उनके अध्ययन और भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा। बालिकाओं ने प्रमुख सचिव से आत्मीय संवाद करते हुए उनके प्रशासनिक सेवा में आने से लेकर मुख्य सचिव बनने तक के सफर के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्य सचिव ने परिसर स्थित भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला एवं कंप्यूटर प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने बालिकाओं को नियमित रूप से प्रायोगिक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल गतिविधियों एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की भी जानकारी ली।
श्री बर्णवाल ने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अध्ययन के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नियमित रूप से बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कलेक्टर को बालिकाओं के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
*25 एकड़ में लगभग 267 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा मेडिकल कॉलेज*
मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने धार में जी प्लस-7 संरचना के रूप में विकसित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की कार्ययोजना एवं वर्तमान प्रगति की जानकारी ली। निर्माण कार्य अपेक्षित गति से प्रारंभ नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य को तीव्र गति से प्रारंभ कराने तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि 25 एकड़ भूमि में लगभग 267 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, हॉस्टल एवं स्टाफ क्वार्टर का निर्माण किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज परिसर का निर्माण पांच ब्लॉकों में किया जा रहा है। इसमें छह मंजिला कॉलेज भवन, सात मंजिला अस्पताल तथा नौ मंजिला हॉस्टल एवं स्टाफ क्वार्टर का निर्माण प्रस्तावित है।
मुख्य सचिव ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ गति बनाए रखने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सचिव, मध्यप्रदेश शासन डॉ. सुदाम खाडे, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती पारूल व्यास जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिता सिंगारे सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
#JanVishwasAbhiyan2026 #हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम #मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान
Jansampark Madhya Pradesh