बाढ़ पीड़ितों के लिए सामुदायिक रसोई की व्यवस्था का जिलाधिकारी ने लिया जायजा
सबौर अंचल के फरका पंचायत एवं शंकरपुर में सामुदायिक रसोई केंद्रों का निरीक्षण; भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश
भागलपुर, 09 सितंबर 2026:- बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पाण्डेय द्वारा सबौर अंचल अंतर्गत फरका पंचायत एवं शंकरपुर में संचालित सामुदायिक रसोई केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ पीड़ितों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अंचल अधिकारी, सबौर को निर्देश दिया कि सभी सामुदायिक रसोई केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में टेबल, कुर्सी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को नियमित एवं निर्धारित समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सुबह 09:00 बजे से 11:00 बजे तक तथा शाम 07:00 बजे से 10:00 बजे तक बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सामुदायिक रसोई में भोजन प्राप्त करने वाले लोगों से संबंधित रिकॉर्ड के नियमित एवं व्यवस्थित संधारण का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कितने लोगों को भोजन कराया गया, इसका स्पष्ट एवं अद्यतन रिकॉर्ड रखा जाए, ताकि राहत कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को पॉलीथिन शीट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए तथा जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन पूरी तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ किया जाए। सामुदायिक रसोई केंद्रों पर भोजन की गुणवत्ता, समय पर वितरण, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जिलाधिकारी ने विशेष जोर दिया।
CMO Bihar
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Disaster Management Department Govt. of Bihar
37 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 10, 2026