आज समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में विद्युत विभाग की विभिन्न परियोजनाओं से संबंधित समीक्षात्मक बैठक जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशु अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में जिले में चल रही विद्युत विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान ग्रिड उपकेंद्र अमरपुर, बौंसी एवं बेलहर, इंग्लिशमोर, रजौन एवं ककवारा में निर्माणाधीन शक्ति उपकेंद्र तथा उनसे संबंधित ट्रांसमिशन लाइन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री कृषि विद्युत समृद्धि योजना एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई।
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बांका एवं विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, अमरपुर के अंतर्गत Billing Efficiency की समीक्षा के दौरान बांका आपूर्ति प्रमंडल में 73 प्रतिशत तथा अमरपुर आपूर्ति प्रमंडल में 72 प्रतिशत उपलब्धि पाई गई। दोनों प्रमंडलों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने दोनों कार्यपालक अभियंताओं को बिलिंग एफिशिएंसी में पर्याप्त सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Remittance की समीक्षा के दौरान बांका विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में 71 प्रतिशत तथा अमरपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में 58 प्रतिशत उपलब्धि पाई गई। अमरपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में रेमिटेंस का प्रतिशत काफी कम पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने खेद प्रकट किया तथा इसमें पर्याप्त सुधार लाने के लिए कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बांका को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने बिलिंग एवं राजस्व संग्रहण पर विशेष जोर देते हुए जिले में विद्युत चोरी के विरुद्ध व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
राज्य योजना के तहत बौंसी प्रखंड में निर्माणाधीन विद्युत पीएसएस (पावर सब-स्टेशन) के कार्य की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को 30 दिसंबर, 2026 तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री कृषि विद्युत समृद्धि योजना के तहत कार्यान्वित योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत परियोजना, बांका को संबंधित कार्यों को 30 सितंबर, 2026 तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्य की नियमित निगरानी एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान बांका एवं अमरपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप रजिस्ट्रेशन नहीं होने पर जिला पदाधिकारी ने खेद प्रकट किया। उन्होंने दोनों विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं को कनीय विद्युत अभियंतावार लक्ष्य निर्धारित कर रजिस्ट्रेशन में पर्याप्त सुधार लाने का निर्देश दिया। साथ ही योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने एवं निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने विद्युत विभाग की सभी परियोजनाओं एवं योजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने, बिलिंग एवं राजस्व संग्रहण में सुधार लाने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
2 views | Banka, Bihar | Aug 27, 2026