जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा आज चांदन प्रखंड अंतर्गत डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास, ताराकुरा का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा छात्रावास परिसर का जायजा लिया गया तथा साफ-सफाई, स्वच्छता एवं छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य व्यवस्थाओं की जाएगा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को छात्रावास परिसर में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा छात्रावास में कार्यरत कर्मियों एवं शिक्षकों से वार्ता की गई। उन्होंने छात्रों के पठन-पाठन, शैक्षणिक प्रगति एवं समग्र व्यक्तित्व विकास के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित रूप से ध्यान दिया जाए तथा उनकी रुचि, क्षमता एवं आवश्यकता के अनुरूप पठन-पाठन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की पठन-पाठन व्यवस्था एवं शैक्षणिक वातावरण से जिला पदाधिकारी संतुष्ट नजर आए। उन्होंने बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के लिए शिक्षकों एवं छात्रावास प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। जिला पदाधिकारी द्वारा वर्ग प्रथम के बच्चों से भी संवाद किया गया तथा उनसे उनकी पढ़ाई एवं विद्यालय से संबंधित विषयों पर जानकारी ली गई।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा छात्रावास के बच्चों के साथ भोजन भी ग्रहण किया गया। इसके माध्यम से उन्होंने बच्चों के साथ सहज संवाद स्थापित करते हुए भोजन एवं छात्रावास में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का प्रत्यक्ष रूप से जायजा लिया।
जिला पदाधिकारी द्वारा छात्रावास के रसोईघर का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान रसोईघर में साफ-सफाई, स्वच्छता एवं हाइजीन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। रसोईघर एवं परिसर की स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया तथा संबंधित कर्मियों को भविष्य में भी साफ-सफाई एवं स्वच्छता की व्यवस्था निरंतर बनाए रखने का निर्देश दिया।
संत रविदास जी की जयंती के अवसर पर विद्यालय परिसर में प्रेरणा सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें सफलता के लिए आवश्यक मूलभूत गुणों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिला पदाधिकारी ने संत रविदास जी के विचारों एवं उनके सामाजिक योगदान से विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में समानता, मानवता एवं प्रगतिशील विचारों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कार्य करें।
उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने तथा शिक्षा को अपने जीवन में परिवर्तन का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने छात्रावास एवं विद्यालय द्वारा बच्चों के शैक्षणिक एवं समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
1 views | Banka, Bihar | Aug 27, 2026