भोपाल के कीटखेड़ी गांव में स्वामित्व योजना के तहत शत-प्रतिशत रजिस्ट्रियां पूर्ण, ग्रामीणों को मिला संपत्ति का कानूनी अधिकार
मध्यप्रदेश में 28 लाख से अधिक आबादी भूखंडों की रजिस्ट्री पूरी, प्रदेश में 56.7 प्रतिशत लक्ष्य हासिल
भोपाल, 27 नवंबर 2026। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का वैधानिक अधिकार दिलाने की दिशा में भोपाल जिले ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बैरसिया तहसील के कीटखेड़ी गांव में योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत आबादी भूखंडों की रजिस्ट्री का कार्य पूरा कर लिया गया है।
मध्यप्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत अब तक 49 लाख 55 हजार 979 लक्षित आबादी भूखंडों में से 28 लाख 9 हजार 253 की रजिस्ट्रियां पूर्ण हो चुकी हैं। इस प्रकार प्रदेश में कुल लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 56.7 प्रतिशत रजिस्ट्री का कार्य पूरा किया जा चुका है।
प्रमुख राजस्व आयुक्त एवं आयुक्त भू-अभिलेख सुश्री निधि निवेदिता ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत बैरसिया तहसील का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि भोपाल जिले में कुल 42 हजार 199 आबादी भूखंडों में से 22 हजार 550 की रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है। जिले की बैरसिया तहसील में सर्वाधिक 12 हजार 771 रजिस्ट्रियां पूरी की गई हैं। तहसील के कुल 23 हजार 540 आबादी भूखंडों में से लगभग 54.2 प्रतिशत की रजिस्ट्री हो चुकी है। वहीं, कीटखेड़ी गांव में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री पूर्ण होना इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण है।
सुश्री निवेदिता ने कहा कि स्वामित्व योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार प्रदान कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। संपत्ति के स्वामित्व का प्रमाण मिलने से ग्रामीणों के लिए बैंक ऋण एवं अन्य वित्तीय सुविधाएं प्राप्त करना आसान होता है, जिससे उनकी आर्थिक सुरक्षा मजबूत होती है। इस लक्ष्य को पूरा करने में तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं पटवारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित कर रहा है। भ्रमण के दौरान नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अतिक्रमण एवं रास्ता विवाद सहित राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न मामलों पर चर्चा की गई। प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित तहसीलदार को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर प्रमुख राजस्व आयुक्त ने बैरसिया में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों को राजस्व सेवाएं सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।
सफलता की कहानी: भोपाल जिले की बैरसिया तहसील का कीटखेड़ी गांव स्वामित्व योजना के सफल क्रियान्वयन का उदाहरण बना है, जहां सभी पात्र आबादी भूखंडों की रजिस्ट्री पूरी कर ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार सुनिश्चित किया गया है।
CM Madhya Pradesh
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#bhopal