# संविधान दिवस पर बालिकाओं से संवाद, शिक्षा और बाल अधिकारों के प्रति किया जागरूक
संविधान दिवस के अवसर पर सूरज नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में भोपाल की विभिन्न बस्तियों से आईं लगभग 55 स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ममता, मुस्कान संस्था एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, संवैधानिक अधिकारों, बाल संरक्षण एवं बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के संभागीय संयुक्त संचालक श्री हरिकृष्ण शर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) श्री अखिलेश चंद्र चतुर्वेदी एवं सुपरवाइजर श्रीमती उषा शर्मा उपस्थित रहे।
संभागीय संयुक्त संचालक श्री हरिकृष्ण शर्मा ने बालिकाओं से सीधे संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व और संविधान में प्रदत्त अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को अपनी पढ़ाई पुनः प्रारंभ करने एवं निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति से दूर रहने और इसके दुष्परिणामों के प्रति सजग रहने की समझाइश दी। संवाद के दौरान बालिकाओं ने भी अपने सपनों, आकांक्षाओं और भविष्य की योजनाओं को साझा किया।
CDPO श्री अखिलेश चंद्र चतुर्वेदी ने बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह की जानकारी मिलने अथवा ऐसी किसी स्थिति का सामना करने पर संबंधित विभागों एवं जिम्मेदार अधिकारियों तक सूचना कैसे पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने बालिकाओं के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और परिवार के सदस्यों के साथ खुलकर संवाद करने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित बालिकाओं को संविधान के मूल्यों के सम्मान एवं बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से पुनः जोड़ने के लिए प्रेरित करना, उन्हें अपने संवैधानिक एवं बाल अधिकारों की जानकारी देना तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति की रोकथाम में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक करना रहा।
CM Madhya Pradesh
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#SamvidhanDiwas2026 #संविधान_दिवस #ConstitutionDay2026 #bhopal