दो दिन पहले सिंगापुर से लौटे थे टेक महिंद्रा कंपनी में एशिया हेड परमजीत धनखड़, पड़ोसी ने गोली मार कर दी हत्या
-लिफ्ट के पास कुत्ते को शौच कराने का किया था विरोध
-हत्या आरोपित मोहन उर्फ मोनू शर्मा परिवार सहित फरार
-पार्किंग को लेकर भी दोनों में पहले कई बार हो चुकी थी तकरार
Aonenews अरविन्द बक्शी
फरीदाबाद (संवाददाता) : सेक्टर-21C में धनतेरस की रात
परमजीत धनखड़ पर उन्हीं के ही पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने ताबड़तोड़ गोलियां चला कर हत्या कर दी। आरोपी
मोहन उर्फ मोनू शर्मा जिसने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से परमजीत धनखड़ पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपित ने करीब 15 से 16 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं। गंभीर रूप से घायल परमजीत को एशियन अस्पताल ले जाया गया,पर उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित अपने परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। परमजीत टेक महिंद्रा कंपनी में एशिया हेड थे।
सिंगापुर से दो दिन पहले ही लौटे थे परमजीत मूल रूप से हिसार के रहने वाले परमजीत धनखड़ यहां सेक्टर-21C के मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। वह एक बड़ी नेशनल कंपनी में नौकरी करते थे और काम के सिलसिले में सिंगापुर में रह रहे थे। दो दिन पहले ही वह अपने परिवार के पास लौटे थे। 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इससे पहले ही घर में मातम छा गया।
जिम से लौटने के बाद हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 8 से 9 के बीच परमजीत जिम से घर लौटे थे। आरोप है कि मोनू ने परमजीत को बुलाया और पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर अपनी आपत्ति जताई। वहीं यह भी जानकारी मिली है कि मोनू शर्मा लिफ्ट के पास ही अपने कुत्ते को शौच आदि करवा देते थे। इसका परमजीत विरोध करते थे। इन दोनों के बीच पिछले कुछ समय से ऐसा ही विवाद चल रहा था। आरोप है कि तीसरी मंजिल पर रहने वाले मोहन उर्फ मोनू शर्मा से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपित मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और परमजीत पर एक के बाद एक गोलियां चला दीं। परमजीत को संभलने तक का मौका नहीं मिला। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पहले भी हो चुका था दोनों परिवारों में पुराना है झगड़ा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। करीब पांच दिन पहले भी आरोपित ने परमजीत के बेटे सूर्य के साथ गाली-गलौज की थी। इस दौरान गेट तोड़ने का आरोप भी सामने आया था। बताया जा रहा है कि आरोपी फाइनेंस का काम करता है।
क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में जुटीं
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से खाली कारतूसों के खोल बरामद कर जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं। शुरुआती जानकारी में 15 से 16 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा अपने परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
कुछ दिन बाद थी भांजे की शादी, खुशियों से पहले घर में पसरा मातम, जिस परिवार में कुछ दिन बाद भांजे की शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब अंतिम संस्कार की तैयारी है। यह जानकारी मिली है कि परमजीत के भांजे की कुछ दिन बाद शादी थी। अब खुशियां मातम में बदल गई हैं।
पुलिस कर रही आरोपित की तलाश
थाना सूरजकुंड प्रभारी प्रहलाद कुमार ने बताया कि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। आरोपित फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। शव का आज पोस्टमार्टम होगा।
फोटो: परमजीत सिंह धनखड़
ताज़ा तरीन खबरें, अपडेट, घटनाओं , हम सामयिक, शैक्षणिक आदि कार्यक्रमों की जानकारी के लिए बनें रहें Dekho Zara के साथ । कमेंट्स बाक्स में अपनी राय जरूर दें। नियमित रूप से Follow करते रहें।