मुख्यमंत्री उड़न दस्ता, फरीदाबाद द्वारा जिला फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने वालों को काबू करके दर्ज कराई FIR
Aonenews अरविन्द बक्शी
दिनांक 18.08.2026 को मुख्यमंत्री उड़न दस्ता, फरीदाबाद को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि थाना सूरजकुंड क्षेत्र के अंतर्गत खड़िया खान, अनंगपुर पहाड़, फरीदाबाद के जंगल क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार की जाती है तथा तैयार शराब को कैनों में भरकर सप्लाई किया जाता है। इस प्रकार की शराब से कई बार लोगो की जान जा चुकी हैं।
इस सूचना के आधार पर विवेक चौधरी DSP CMFS FBD द्वारा कार्यवाही करने के लिए टीम तैयार की गई। जिस सम्बंध में मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद की टीम द्वारा थाना सूरजकुंड के अनंगपुर क्षेत्र में पुलिस को अवगत कराते हुए मौके पर पहुंचकर छापेमारी की गई। मौके पर एक शराब की भट्ठी चालू हालत में मिली। टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए मौके से दो व्यक्तियों को काबू किया गया, जिन्होंने पूछताछ पर अपना नाम बलजीत पुत्र संतराम निवासी गांव अनंगपुर, फरीदाबाद तथा रवि उर्फ रविन्द्र पुत्र युद्धवीर निवासी पछोला मोहल्ला, गांव अनंगपुर, फरीदाबाद बताया।
मौके पर तलाशी के दौरान अवैध कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री एवं उपकरण बरामद किए गए, जिनमें लगभग 3-4 लीटर तैयारशुदा कच्ची शराब, करीब 150 लीटर लाहन, शराब बनाने की भट्ठी, ड्रम, मिट्टी का डकोला, धातु का देगचा तथा अन्य उपकरण शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मौके पर एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल नंबर HR-87-U-3824 भी बरामद हुई।
बरामद लाहन एवं कच्ची शराब के नमूने अलग-अलग निकालकर नियमानुसार सील किए गए तथा बरामद सामान को पुलिस कब्जे में लिया गया। उक्त कार्रवाई के संबंध में थाना सूरजकुंड, फरीदाबाद में आरोपियों बलजीत व रवि उपरोक्त के विरुद्ध हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग अंकित किया गया है।