कोटा में ज्वैलर्स की दुकान में सोने की चेन लेकर भागने वाला आरोपी गिरफ्तार,
24 घण्टे में तलवंडी पुलिस ने मामले का किया खुलासा
:
कोटा के तलवंडी इलाके में ज्वैलरी शॉप से दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में जवाहर नगर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे में वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक 25 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद कर ली है। हालांकि, चोरी की गई सोने की चेन अभी बरामद नहीं हुई हैं।
दरअसल, 23 नवंबर को तलवंडी स्थित महावीर ज्वैलर्स पर दो बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे थे। इनमें से एक बदमाश दुकान के अंदर गया और अंगूठी देखने के बाद सोने की चेन दिखाने के लिए कहा। दुकानदार मुकुट बिहारी सोनी ने उसे एक-एक करके पांच सोने की चेन दिखाई। इस दौरान शातिर बदमाश मोबाइल से वीडियो कॉल के जरिए किसी अन्य व्यक्ति को चेन दिखाने का नाटक करता रहा। इसी बीच जैसे ही दुकानदार का ध्यान दूसरी तरफ गया, बदमाश मौका देखकर पांचों सोने की चेन लेकर दुकान से फरार हो गया। दुकानदार ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दुकान से करीब 50 मीटर दूर उसका साथी मोटरसाइकिल लेकर खड़ा था। दोनों बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए।
चोरी हुई पांचों सोने की चेन का वजन करीब 50 से 55 ग्राम और कीमत लगभग 6 से 7 लाख रुपये बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देश पर जवाहर नगर थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों और पुराने चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ कर सूचनाएं जुटाईं।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा करते हुए दिलीप पंकज चोटी निवासी बालिता रोड, कुन्हाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके साथ शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। फिलहाल चोरी की गई पांचों सोने की चेन की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई में जवाहर नगर थाना और कुन्हाड़ी थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।
Sangod, Kota | Nov 24, 2026