मानकों की अनदेखी पर सवालों के घेरे में बालिका छात्रावास की बाउंड्री वॉल, ग्रामीणों में आक्रोश
समग्र शिक्षा अभियान के तहत कोथावां के झरोइया गांव में हो रहा निर्माण कार्य सवालों के घेरे में, पीली ईंट व डस्ट के इस्तेमाल के आरोप; अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप
.
#हरदोई: समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विकास खंड कोथावां के झरोइया गांव में निर्माणाधीन एकेडमिक ब्लॉक एवं बालिका छात्रावास की बाउंड्रीवॉल के निर्माण कार्य में कथित तौर पर मानकों की अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में कथित रूप से घटिया सामग्री के इस्तेमाल और बाउंड्रीवॉल की नींव की गहराई को लेकर उठ रहे सवालों ने स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश पैदा कर दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर देने के उद्देश्य से मिश्रिख लोकसभा सांसद अशोक रावत एवं बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा की पहल पर 25 अक्टूबर 2024 को झरोइया गांव में बालिका छात्रावास का शिलान्यास किया गया था। इस परियोजना को क्षेत्र की छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया था।
लेकिन अब छात्रावास भवन का निर्माण पूरा होने के बाद अंतिम चरण में कराए जा रहे बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य को लेकर गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि बाउंड्री वॉल में खुलेआम पीली ईंट और डस्ट का प्रयोग किया जा रहा है। इतना ही नहीं, कुछ ग्रामीणों ने बाउंड्री वॉल की नींव की गहराई को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि नींव निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं बनाई गई तो भविष्य में बाउंड्री वॉल की मजबूती प्रभावित हो सकती है।
अनियमितताओं को लेकर स्थानीय स्तर पर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके निर्माण कार्य में कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि जिस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र की बेटियों को बेहतर शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराना है, उसी परियोजना के निर्माण में यदि गुणवत्ता से समझौता किया गया तो यह सरकार की शिक्षा संबंधी मंशा पर सवाल खड़ा करेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्रीय सांसद और विधायक की पहल पर शुरू हुई यह परियोजना क्षेत्र की बालिकाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्माण कार्य में कथित लापरवाही और गुणवत्ता से समझौते के आरोप बेहद गंभीर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था सी एंड डीएस की निगरानी में कराए जा रहे निर्माण में जिम्मेदारों और निर्माणकर्ता ठेकेदार द्वारा गुणवत्ता के मानकों को कथित रूप से ताक पर रखा जा रहा है।
कुछ ग्रामीणों ने नाम सार्वजनिक न करने की शर्त पर बताया कि गांव से जुड़ा मामला होने के कारण वे खुलकर सामने आने से बच रहे हैं, लेकिन उनका इशारा साफ तौर पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की ओर है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो बाद में घटिया निर्माण की स्थिति सामने आने पर सरकारी धन की बर्बादी के साथ छात्राओं की सुरक्षा और भवन की उपयोगिता पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।
मामले की वास्तविकता जानने के लिए द टेलीकास्ट के पत्रकार द्वारा जिलाधिकारी हरदोई, उपजिलाधिकारी संडीला एवं मुख्य विकास अधिकारी हरदोई से फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी भी अधिकारी का फोन नहीं उठ सका।
वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक वी.के. दुबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि प्रकरण की जल्द जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय एवं छात्रावास के निर्माण कार्यों में अनियमितता बरतने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है तो ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने में देरी क्यों हो रही है? क्या संबंधित विभाग निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, नींव की गहराई और निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता की जांच कराएगा? क्या जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी में निर्माण स्थल का तकनीकी निरीक्षण होगा?
ग्रामीणों की मांग है कि मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच हो और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि शिक्षा और बालिका सशक्तीकरण की मंशा से शुरू की गई इस महत्वपूर्ण परियोजना में उठे सवालों पर प्रशासन कितनी गंभीरता दिखाता है और जांच के बाद क्या तस्वीर सामने आती है।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Aug 12, 2026