माउंट आबू में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं अरावली की सबसे ऊंची चोटी गुरु शिखर पर तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। नवंबर महीने में इस साल का यह अब तक का सबसे ठंडा दिन बताया जा रहा है।
बढ़ती ठंड के बावजूद माउंट आबू में पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। 15 दिवसीय दीपावली सीजन महोत्सव का आज चौथा दिन है। पिछले दो दिनों में एक लाख से अधिक पर्यटक माउंट आबू पहुंच चुके हैं और पर्यटकों के आने का सिलसिला लगातार जारी है।
शहर के होटल और रेस्टोरेंट पर्यटकों से गुलजार नजर आ रहे हैं। नक्की झील में नौका विहार से लेकर विभिन्न पर्यटन स्थलों तक सैलानी माउंट आबू की खूबसूरत वादियों और सुहावने मौसम का आनंद उठा रहे हैं। रात के समय पर्यटक अलाव जलाकर ठंड का लुत्फ उठाते दिखाई दे रहे हैं।
तापमान में आई गिरावट ने जहां स्थानीय लोगों को ठंड का एहसास कराया है, वहीं देश के अलग-अलग हिस्सों से आए पर्यटकों के लिए माउंट आबू का यह मौसम आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पर्यटक इस ठंडे मौसम और प्राकृतिक सुंदरता का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
#weather #cold #mauntabu #turistika
Tonk, Tonk | Nov 12, 2026