एंकर-सवाई माधोपुर जिले के मलारना डूंगर तहसील क्षेत्र के भारजा नदी गांव में गोवर्धन पर्व पर वर्षों पुरानी अनूठी परंपरा एक बार फिर देखने को मिली। यहां ग्रामीणों ने सामूहिक एकता और धार्मिक आस्था का परिचय देते हुए पूरे गांव का गोवर्धन पर्व एक ही स्थान पर मिलकर मनाया। इस दौरान ग्रामीणों ने एक जगह विशाल गोवर्धन का निर्माण कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
गोवर्धन पूजा के साथ ही भव्य आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण भारजा नदी पहुंचे। गांव की सबसे खास परंपरा रही ट्रैक्टरों के माध्यम से गोवर्धन की परिक्रमा। इस परंपरा के तहत 50 से अधिक ट्रैक्टर मौके पर एकत्रित हुए। सबसे पहले सभी ट्रैक्टरों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, इसके बाद ट्रैक्टरों के जरिए गोवर्धन की परिक्रमा की गई।
इस अनूठे नजारे को देखने के लिए सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। वहीं, भीड़ इतनी उत्साहित थी कि कई लोग अपने घरों की छतों पर चढ़कर इस अद्भुत दृश्य को निहारते नजर आए। भारजा नदी गांव में वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी ग्रामीणों की धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और सामूहिक एकता की मिसाल बनी हुई है। आधुनिकता के दौर में भी ग्रामीणों ने अपनी इस अनूठी सांस्कृतिक विरासत को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ जीवंत रखा है।
#goverdhanpuja #SawaiMadhopur #dipawali
Tonk, Tonk | Nov 10, 2026