टोंक के निवाई से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।
जहां शहर के बीचों-बीच स्थित प्राचीन पुरानी तहसील भवन के रिकॉर्ड रूम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटाखे की चिंगारी से पुराने तहसील भवन के रिकॉर्ड रूम में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग की चपेट में दो कमरों में रखा राजस्व विभाग का पुराना रिकॉर्ड आने की आशंका है। वहीं, कमरों के बाहर टूटा-फूटा लकड़ी का फर्नीचर भी पड़ा हुआ था, जिससे आग के तेजी से फैलने की आशंका बनी हुई है। घटना के बाद आसपास के मोहल्लेवासियों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही थाना अधिकारी घासीराम पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, घटनास्थल तक पहुंचने में दमकल विभाग को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुरानी तहसील भवन तक जाने वाली तंग गलियों के कारण नगर पालिका का दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में आग पर काबू पाने को लेकर चुनौती बनी हुई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सरकारी भवन में रखे महत्वपूर्ण राजस्व रिकॉर्ड की सुरक्षा के क्या इंतजाम थे? फिलहाल आग से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन नहीं हो पाया है, लेकिन पुराने तहसील भवन में लगी आग से बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
#tonk #TonkNews
Tonk, Tonk | Nov 10, 2026