मॉनिटर लिजर्ड को बाइक से बांधकर घसीटने का वीडियो वायरल, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
पाली। रोहट क्षेत्र के दूदिया गांव में मॉनिटर लिजर्ड (पाटगोह) को बाइक से बांधकर घसीटने का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई की है। मामले में दूदिया निवासी ओमाराम पुत्र मोहनलाल सरगरा को गिरफ्तार किया गया है।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां सीजेएम कोर्ट ने उसे 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
यह कार्रवाई उप वन संरक्षक पाली सरवन कुमार रेड्डी के निर्देशन में तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रकाश कुमार चौधरी के नेतृत्व में की गई। वन विभाग की कार्रवाई के बाद वन्यजीवों के साथ क्रूरता करने वालों में हड़कंप मच गया है।
वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर सख्ती बरतते हुए स्पष्ट किया है कि संरक्षित वन्यजीवों के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता या कानून का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।