रामपुर के लोकप्रिय विधायक का निधन बेहद दुखद, विकास कार्यों में रहा अहम योगदान : विक्रमादित्य सिंह
शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर के विधायक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रामपुर के लोकप्रिय विधायक ने चार बार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और यहां विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे और सभी लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश उनका निधन हो गया। उनका इस तरह दुनिया से चले जाना बेहद दुखद है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि दिवंगत विधायक एक बेहद शरीफ, सरल और समर्पित व्यक्तित्व के धनी थे। लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनका पुलिस विभाग से भी जुड़ा अनुभव रहा और विधायक बनने से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री की सेवा में भी अपनी सेवाएं दी थीं। उन्होंने कहा कि वह एक समर्पित और नेक इंसान थे, जिनका निधन समाज और क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है।
मंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में वह और सरकार परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।