धरना प्रदर्शन के 20 घंटे बाद धरना स्थल पहुंचे खनन अधिकारी, एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज, बारा। बारा थाना क्षेत्र के धरा गांव के मजरा डेरा पहाड़ी पर किसानों का धरना प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। किसानों का आरोप है कि पहाड़ पर गिट्टी बनाने के लिए कथित तौर पर बारूद से लगातार ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे आसपास के गांवों में स्थित मकानों में दरारें पड़ने और क्षतिग्रस्त होने की समस्या सामने आ रही है।
किसानों के मुताबिक, मामले को लेकर कई बार तहसील मुख्यालय पहुंचकर अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में भारतीय किसान यूनियन प्रयाग के जिलाध्यक्ष ऋषि पांडेय के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने मंगलवार दोपहर से धरना शुरू किया।
धरना शुरू होने के करीब 20 घंटे बाद बुधवार सुबह खनन अधिकारी यमुनापार वैभव सोनी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने मामले की जांच कर एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
वहीं किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अपनी समस्या रखेंगे।
किसानों का कहना है कि पहाड़ पर होने वाली ब्लास्टिंग से ग्रामीणों की सुरक्षा और मकानों को नुकसान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
Bara, Allahabad | Aug 26, 2026