# बहरी थाना क्षेत्र में आम के पेड़ पर लटका मिला 25 वर्षीय युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी
**घर से महज 100 मीटर की दूरी पर पेड़ से लटका मिला शव, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच**
**तलाश न्यूज समाचार | सीधी।**
सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जेठुला के भठवा टोला में एक 25 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिवमूर्ति यादव पिता शिवप्रसाद यादव, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी ग्राम जेठुला भठवा टोला, थाना बहरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक का शव उसके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित आम के पेड़ से लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना तत्काल बहरी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। शव के पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
**घटना के बाद से गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।**