सीआईए पलवल की जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई, 14 आरोपी गिरफ्तार
पलवल। सीआईए पलवल की टीम ने पलवल-अलीगढ़ रोड पर बसंतगढ़ के पास सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों पर रुपये दांव लगाकर जुआ खेल रहे 14 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 16,200 रुपये नकद और ताश की गड्डी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सीआईए टीम किठवाड़ी पुल के पास गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बसंतगढ़ के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सर्च वारंट प्राप्त कर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दीपक, बंटी, मन्नू, विक्रम, राजवीर, नानक चंद, बलबीर, संदीप, सुमित, दीपक, महाराज सिंह, कर्मचंद, रोहित और जितेंद्र को काबू किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे तथा ताश के पत्तों के नीचे से कुल 16,200 रुपये बरामद किए।
पुलिस ने बरामद नकदी और ताश की गड्डी को कब्जे में लेकर सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कैंप पलवल में जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।
Palwal, Palwal | Sep 22, 2026