एनजीटी की गाइडलाइन की अनुपालना सुनिश्चित करें- एडीसी
यमुनानगर, 25 जून- जिला सचिवालय में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा तैयार किए गए एक्शन प्लान की प्रगति की समीक्षा हेतु एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में यमुना नदी व ड्रेनस में गन्दे पानी की रोकथाम, वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिए निर्धारित कार्य योजना के विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक्शन प्लान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा प्रदूषण नियंत्रण संबंधी गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर निकाय, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, परिवहन विभाग, कृषि विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से खुले में कचरा जलाने, निर्माण कार्यों से उत्पन्न धूल, औद्योगिक इकाइयों से होने वाले उत्सर्जन तथा पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए जिन विभागों ने अन्य विभागों से क्लीर्यनेंश लेनी है, उसे जल्द से जल्द लेकर कार्य शुरू करें ताकि कार्य समय से पहले पूरा हो सकें। इसी प्रकार टैंडर प्रक्रिया को भी जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास करें ताकि कार्य को जल्द पूरा किया जा सकें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि प्राकृतिक जल स्त्रोतों में मिलने वाले नालों में उद्योगों द्वारा बिना उपचारित या आंशिक रूप से उपचारित अपशिष्ट जल को बहाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यमुना नदी के साथ जो घाट बनाए गए है उन घाटों पर गंदगी न फैलने पाए और इन के आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभी एमसी को निर्देश दिए कि वे ड्रेनस में प्लास्टिक वेस्ट जाने से रोकने के लिए उचित कदम उठाए। गांवों व शहरों में सीवरेज व्यवस्था को दुरूस्त किया जाए। गांवों में स्थित तालाबों में गन्दा पानी जाने के कारण पशुओं के पीने का पानी खराब हो जाता है। इसलिए इस गन्दे पानी के उचित प्रबंध करने होगें। उन्होंने कहा कि एनजीटी की गाइडलाइन के अनुसार कार्य करें। एनजीटी के दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एक्शन प्लान के विभिन्न बिंदुओं की विभागवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि जिले में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। बैठक में एएसपी आशीष चौधरी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र सिंह, आर ओ प्रदीप सिंह, एक्सईएन सौरभ अहलावत, लव कुमार, विनय गर्ग, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, जिला वन अधिकारी संदीप सैनी सहित हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।