पीबीएम अस्पताल में NSUI का उग्र प्रदर्शन,
- जूतों की माला लेकर पहुंचे कार्यकर्ता
- पुलिस ने खदेड़ा
- 30 जून को बड़े आंदोलन की चेतावनी
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गर्मा गया जब कुछ कार्यकर्ता कथित तौर पर अस्पताल अधीक्षक को पहनाने के लिए जूतों की माला लेकर पहुंच गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढने से रोक दिया और उन्हें परिसर से खदेड़ दिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चिकित्सा मंत्री का पुतला फूंका और अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एनएसयूआई और कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पीबीएम अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं लेकर कांग्रेस पिछले 17 दिनों से लगातार धरना-प्रदर्शन कर है, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्र नहीं की गई।
एनएसयूआई देहात अध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने कहा कि शनिवार को सांकेतिक रूप से चिकित्सा मंत्री की शव यात्रा निकालने के बाद पीबीएम अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम था। उनका आरोप है कि विपक्ष जब भी जनता के मुद्दों को लेकर आवाज उठाता है, तब सरकार और अस्पताल प्रशासन पुलिस के बल पर आंदोलन को दबाने का प्रयास करते हैं।
गोदारा ने 30 जून को प्रस्तावित कांग्रेस के कलेक्ट्रेट घेराव को लेकर भी चेतावनी देते हुए कहा कि उस दिन कार्यकर्ता बैरिकेड्स और पुलिस की लाठियों से नहीं डरेंगे तथा कचहरी परिसर तक पहुंचकर सोए हुए प्रशासन को जगाने का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिं डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व कलेक्ट्रेट परिसर का घेराव किया जाएगा।
यूथ कांग्रेस देहात अध्यक्ष भंवरलाल कूकणा ने कहा कि प्रदेश के चिकित्सा मंत्री द्वारा गर्भवती महिला को लेकर की गई कथित टिप्पणी से पूरे प्रदेश में रोष है। इसी के विरोध में शनिवार को चिकित्सा मंत्री की सांकेतिक शव यात्रा निकाली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन इससे आंदोलन और मजबूत होगा।
कूकणा ने दावा किया कि 30 जून को करीब 40 हजार लोगों की मौजूदगी में प्रशासन का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उस दिन आंदोलनकारी छोटे अधिकारियों से बातचीत नहीं करेंगे, बल्कि सीधे आईजी, संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर और एसपी से संवाद कर अपनी मांगों पर निर्णय करवाने का प्रयास करेंगे।
प्रदर्शन में एनएसयूआई देहात अध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा, कांग्रेस देहात अध्यक्ष भंवरलाल कूकणा, रामदयाल बेनीव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस, एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।