बेटे ने बचाई मां की जान: शराब छोड़ने का वादा कर पत्नी को घर बुलाया, फिर कैंची से किए 8-10 वार...
ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र की प्रीतमपुर कॉलोनी में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि शराब की लत से परेशान होकर मायके रह रही डॉली सेन को उसका पति कमल शराब छोड़ने का भरोसा देकर वापस घर ले आया, लेकिन लौटते समय फिर शराब पी ली। घर पहुंचने पर डॉली ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और कमल ने कथित तौर पर कैंची से उस पर 8 से 10 वार कर दिए। मां की चीख सुनकर 12 वर्षीय बेटे ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल डॉली को JAH के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।