अभियान बसेरा-2 : जिले में 5,416 आवेदन जमा, डीएम ने महादलित टोलों में जागरूकता बढ़ाने के दिए निर्देश
जहानाबाद : अभियान बसेरा-2 के तहत मंगलवार से जिले के सभी अंचल एवं पंचायत स्तर पर शिविर शुरू किए गए। जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने विकास मित्रों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर शिविरों में आवेदन प्राप्ति और लोगों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। अपर समाहर्ता ने बताया कि पहले दिन जिले के सभी अंचल एवं पंचायत कार्यालयों में कुल 5,416 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों के लिए 5,416 क्यूआर कोड भी जनरेट किए गए।
समीक्षा के दौरान डीएम ने विकास मित्रों को महादलित टोलों में जाकर अभियान के बारे में लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लोग अपने पंचायत या अंचल स्तर पर आयोजित शिविर में ही आवेदन जमा करें। उन्होंने राज्य मुख्यालय पटना जाकर आवेदन जमा करने के नाम पर लोगों को गुमराह करने वाली अफवाहों से सावधान रहने की अपील की।
डीएम ने स्पष्ट किया कि आवेदन जमा करने की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध है। लोगों को गुमराह कर राज्य मुख्यालय ले जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पंचायत सरकार भवन और अंचल कार्यालयों में प्रमुख स्थानों पर फ्लेक्स एवं होर्डिंग लगाने का निर्देश दिया गया है। इनमें शिविर, आवेदन की पावती और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। अंचलाधिकारियों को माइकिंग के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया।
विकास मित्रों, राजस्व कर्मचारियों और पंचायत सचिवों को लोगों को जागरूक करने तथा उनके आवेदन प्राप्त करने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला कल्याण पदाधिकारी को विकास मित्रों के साथ समन्वय कर लगातार अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया। वरीय पदाधिकारियों को सुबह छह बजे से संबंधित पंचायतों में भ्रमण कर शिविरों की व्यवस्था और आवेदन प्राप्ति की निगरानी करने को कहा गया।
डीएम ने पात्र परिवारों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं, अपने पंचायत अथवा अंचल स्तर के शिविर में आवेदन जमा करें और आवेदन की पावती अवश्य प्राप्त करें।
Jehanabad, Jehanabad | Sep 22, 2026