बागली में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, हितग्राहियों को बांटे योजनाओं के लाभ
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनजातीय रैली ने बांधा समां
बागली। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम बागली में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विधायक मुरली भंवरा ने प्रस्तुति देने वाले सांस्कृतिक दलों को एक-एक हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी। इस दौरान जनजातीय गौरव और भगवान बिरसा मुंडा के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रैली भी निकाली गई। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
विधायक मुरली भंवरा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, त्याग और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, समरसता और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना चाहिए।
विधायक ने बागली विधानसभा क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में तीन सांदीपनि विद्यालय बनाए गए हैं। महाविद्यालय का निर्माण जारी है, जबकि कृषि महाविद्यालय खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके अलावा छात्रावास, शासकीय भवन और खेल मैदानों से जुड़े कार्य भी किए जा रहे हैं।
मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने कहा कि जनजातीय समाज देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। भगवान बिरसा मुंडा ने राष्ट्र और समाज के हितों के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे, संतोष काकड़िया, महेश चौहान, खुशीलाल राठौड़, कमल जायसवाल, कमल यादव, बहादुर सिंह सेंधव, टिंकी बारेला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।