#बालाघाट
बटुआ में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन
‘हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेवारी’ थीम पर पोषण प्रदर्शनी, मातृ संवाद और बाल पोषण गतिविधियां आयोजित
महिला एवं बाल विकास विभाग बालाघाट ग्रामीण के सेक्टर चांगोटोला अंतर्गत ग्राम पंचायत बटुआ में मंगलवार को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत परियोजना स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेंद्र सुन्द्रियाल के निर्देशन एवं परियोजना अधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार चौकसे के मार्गदर्शन में किया गया।
इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की मुख्य थीम “हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेवारी” निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के दौरान पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। पोषण माह के दौरान आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, गर्म पका भोजन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा बाल विकास के लिए पोषण जैसे पांच प्रमुख विषयों पर विशेष रूप से कार्य किया गया।
पोषण प्रदर्शनी में बताए संतुलित आहार के महत्व
कार्यक्रम स्थल पर पोषण प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें विभिन्न प्रकार के पोषक आहार एवं संतुलित भोजन की जानकारी प्रदर्शित की गई। उपस्थित महिलाओं और परिवारों को बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा धात्री माताओं के लिए पौष्टिक एवं विविधतापूर्ण आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में आंगन मिलन के साथ सेवा की कार्ययोजना के अनुसार ग्राम बटुआ में मातृ संवाद एवं बाल पोषण गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में महिलाओं के साथ पुरुषों और बच्चों ने भी सहभागिता की। बच्चों के पोषण, उचित खान-पान और उनके समुचित विकास के लिए परिवार की भूमिका पर भी चर्चा की गई।
जनप्रतिनिधियों ने किया सहभागिता का आह्वान
कार्यक्रम सांसद प्रतिनिधि श्री शिवकुमार हरिनखेड़े, मंडल अध्यक्ष श्रीमती सरिता पटले एवं ग्राम पंचायत बटुआ की सरपंच श्रीमती संगीता हरिनखेड़े के आतिथ्य में संपन्न हुआ। अतिथियों ने पोषण को परिवार और समाज की साझा जिम्मेदारी बताते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों से संचालित गतिविधियों में समुदाय की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अनुसूइया वंशकार, श्रीमती विमला परते एवं श्रीमती उर्मिला वर्मन का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता रही तथा पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp
46 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 30, 2026